मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का राहुल गांधी पर निशाना: ‘कांग्रेस नादान, भारत का अपमान करने वाली राजनीति न करें’
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश का और विदेश में भारत का सम्मान नहीं करते। गुरुवार को हरियाणा के चरखी दादरी में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित जनसभा में सीएम यादव ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें न देश की सही समझ है और न ही विदेश में भारत के प्रतिनिधित्व की समझ।
‘भारत की राजनीति करो, पाकिस्तान का नहीं’
डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें राजनीति करनी है तो भारत के लोगों का समर्थन लें, पाकिस्तान का नहीं। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे ऐसी बातें करते हैं, जो भारत के सम्मान को ठेस पहुंचाती हैं। सीएम ने कहा, “जो पाकिस्तान का समर्थन लेना चाहते हैं, उन्हें वहीं जाकर राजनीति करनी चाहिए। हमारे सैनिक पाकिस्तान से सीमा पर लड़ रहे हैं और ये लोग अपने बयान से देश का अपमान कर रहे हैं।”
‘सेना और देश का अपमान बर्दाश्त नहीं’
सीएम यादव ने सेना के जवानों की वीरता का जिक्र करते हुए कहा कि घर के बच्चे सीमा पर खून बहा रहे हैं, और कुछ लोग अपने बयानों से उनके बलिदान का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे लोगों को चुनाव में सबक सिखाएं और केवल उन नेताओं को समर्थन दें जो देश और सैनिकों का सम्मान करते हैं।
‘पहले ताजमहल, अब गीता और मंदिर’
डॉ. यादव ने भारतीय संस्कृति की ओर इशारा करते हुए कहा कि पहले विदेशी मेहमानों को ताजमहल दिखाया जाता था, लेकिन अब उन्हें मंदिर और गीता का उपहार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति और धर्म की पहचान को वैश्विक स्तर पर उठाने का समय है।
‘भगवान राम और कृष्ण का सम्मान न करने वालों पर हमला’
उन्होंने अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस के नेताओं को भगवान राम और कृष्ण के नाम लेने में शर्म आती है। उन्होंने बताया कि जब भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ, तब कांग्रेस के लोग अनुपस्थित थे, जबकि दुनियाभर से लोग आए थे।
‘भाजपा ने यादव समुदाय को दिया सम्मान’
अपनी पार्टी के प्रति आभार जताते हुए सीएम यादव ने कहा कि भाजपा ने यादव समुदाय को राजनीति में बड़े अवसर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में यादव समुदाय की संख्या बहुत कम है, लेकिन फिर भी भाजपा ने उन्हें तीन बार विधायक बनने का मौका दिया। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा ने कई अन्य यादव नेताओं को भी महत्वपूर्ण पदों पर जगह दी है।