हेडमास्टर को नशे में देखकर प्रिंसिपल ने खोया आपा, ओर प्रधानाचार्य की डंडे से करदी पिटाई
रीवा जिले के जवा क्षेत्र के सितलहा हाई स्कूल में संकुल प्राचार्य द्वारा एक आदिवासी प्रधानाचार्य की डंडे से पिटाई का मामला सामने आया है। मंगलवार को इस घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें संकुल प्राचार्य हीरामणि त्रिपाठी, प्रधानाचार्य मुन्ना लाल कोल को बेरहमी से डंडे से पीटते हुए दिख रहे हैं। यह पिटाई करीब 10 मिनट तक चली।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, प्रधानाचार्य मुन्ना लाल कोल शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। अन्य शिक्षकों ने इसकी शिकायत संकुल प्राचार्य हीरामणि त्रिपाठी से की। संकुल प्राचार्य जब मौके पर पहुंचे और प्रधानाचार्य को नशे की हालत में देखा, तो पहले उनका वीडियो बनाया और फिर गुस्से में आकर उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
संकुल प्राचार्य का पक्ष
संकुल प्राचार्य हीरामणि त्रिपाठी ने कहा, "प्रधानाचार्य मुन्ना लाल कोल शराब के नशे में स्कूल आए थे। मैंने थोड़ा सख्त रवैया अपनाया क्योंकि उन्होंने मेरे साथ भी अभद्र व्यवहार किया।"
प्रधानाचार्य का पक्ष
प्रधानाचार्य मुन्ना लाल कोल ने आरोप लगाया कि संकुल प्राचार्य ने न केवल उन्हें डंडे से पीटा, बल्कि जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, "मैंने मारपीट के दौरान भी अभद्रता नहीं की। मुझे न्याय मिलना चाहिए। संकुल प्राचार्य मारपीट की मंशा से ही आए थे।"
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने घटना का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। डीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे जल्द से जल्द जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंपें।
बसपा ने जताई नाराज़गी
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस घटना पर नाराज़गी जताई है। जिलाध्यक्ष अमित करनल ने कहा, "यह सच है कि प्रधानाचार्य ने शराब पी थी, लेकिन संकुल प्राचार्य द्वारा की गई हिंसा भी अस्वीकार्य है। ऐसा प्रतीत होता है कि वे खुद भी नशे में थे। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो बसपा बड़ा आंदोलन करेगी।"
घटना ने खड़ा किया विवाद
यह घटना शिक्षा विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रधानाचार्य और संकुल प्राचार्य, दोनों पर आरोप-प्रत्यारोप के बीच शिक्षा विभाग और प्रशासन के सामने यह चुनौती है कि वह निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करें। फिलहाल, इस मामले ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।