सागर: ऋषि अहिरवार हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, मिट्टी में दबा मिला था शव
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में ऋषि अहिरवार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी गोलू उर्फ बलराम पटेल (19) और एक नाबालिग (13) को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर ऋषि की हत्या कर शव को मंगलगिरी की पहाड़ी के पास मिट्टी और पत्थरों के नीचे दफना दिया था।
घटना का विवरण
ऋषि अहिरवार (21) ऑटो चालक था। वह 7 दिसंबर 2024 को दोपहर 12:15 बजे घर से ऑटो लेकर निकला, लेकिन रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। 8 दिसंबर को ऋषि के चाचा महादेव अहिरवार ने मोतीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के दौरान ऋषि का ऑटो बीजासेन कॉलोनी के पास लावारिस हालत में बरामद किया। इसके बाद संदिग्ध गोलू पटेल से पूछताछ की गई। गोलू ने खुलासा किया कि उसने नाबालिग की मदद से ऋषि की हत्या कर शव को पहाड़ी के पास गड्ढे में दफना दिया।
शव बरामद
10 दिसंबर की रात पुलिस ने गोलू पटेल के बताए स्थान पर शव बरामद किया। शव पर नमक जैसा सफेद पाउडर, मिट्टी और पत्थर डाले गए थे। परिजनों ने शव की पहचान ऋषि अहिरवार के रूप में की। उसके सिर पर चोट के निशान थे और गले में पीले रंग का गमछा लिपटा हुआ था।
गिरफ्तारी और जांच
गोलू पटेल और नाबालिग को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहना
इस मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत और उनकी टीम ने सराहनीय कार्य किया। मामले की जांच में निरीक्षक जसवंत सिंह, उपनिरीक्षक ललित बेदी, सउनि राकेश भट्ट, प्रमोद बागरी, जानकी रमण मिश्रा, सौरभ रैकवार सहित कई पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।
पुलिस ने हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है।