MP का यह मजदूर बना करोड़पति, हीरों की नीलामी में मिला अब तक का सबसे ऊंचा भाव
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मजदूरी करने वाले स्वामीदीन पाल की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि वे अब करोड़पति बन गए हैं। शुक्रवार को हुई हीरों की नीलामी में उनके 32.80 कैरेट के हीरे को रिकॉर्ड 2 करोड़ 21 लाख 72 हजार 800 रुपये की कीमत पर खरीदा गया। यह हीरा पन्ना की हीरों की नीलामी के इतिहास में सबसे ऊंची कीमत पर बिका।
इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी कीमत
पन्ना के खनिज अधिकारी के मुताबिक, 32.80 कैरेट के इस हीरे की कीमत 6 लाख 76 हजार रुपये प्रति कैरेट रही, जो अब तक की सबसे ऊंची दर है। शुक्रवार को कुल 98.2 कैरेट के 25 थान हीरे नीलामी के लिए रखे गए थे, जिनमें से 24 थान और 97.45 कैरेट के हीरे कुल 2 करोड़ 80 लाख 18 हजार 13 रुपये में बिके।
कैसे बदली स्वामीदीन की किस्मत?
स्वामीदीन पाल पेशे से मजदूर हैं। फरवरी 2024 में उन्होंने एक निजी खेत में पट्टा स्वीकृत कराया था। इसके बाद पांच महीने की मेहनत से जुलाई में उन्हें 32.80 कैरेट का हीरा मिला। नीलामी के दौरान इस हीरे को कारोबारियों ने घंटों स्कैनर और लैंस के जरिए परखा, जिसके बाद यह रिकॉर्ड कीमत पर बिका।
पन्ना के हीरों का बढ़ता आकर्षण
पन्ना जिले के हीरे अपनी उच्च गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां के जैम क्वालिटी के हीरे हमेशा से कारोबारियों के आकर्षण का केंद्र रहे हैं, और इस बार की नीलामी ने पन्ना को फिर से सुर्खियों में ला दिया।
स्वामीदीन पाल की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत का नतीजा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि पन्ना की धरती में छुपे खजाने किस तरह लोगों की किस्मत बदल सकते हैं।