अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: भारतीय महिला क्रिकेटर्स, जिन्होंने मेहनत से बनाई करोड़ों की संपत्ति
8 मार्च का दिन पूरे विश्व में महिलाओं के सम्मान के रूप में मनाया जाता है। यह दिन खास तौर पर महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित की है, और क्रिकेट भी इससे अछूता नहीं है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कई खिलाड़ी ऐसी हैं, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से न सिर्फ देश का नाम रोशन किया, बल्कि अपनी मेहनत से करोड़ों की संपत्ति भी अर्जित की। आइए जानते हैं भारत की टॉप 3 सबसे अमीर महिला क्रिकेटरों के बारे में।
1. मिताली राज (नेट वर्थ: 40-45 करोड़ रुपये)
भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी दिग्गज मानी जाने वाली मिताली राज ने अपने खेल से दुनियाभर में पहचान बनाई है। वह भारत की सबसे अमीर महिला क्रिकेटर मानी जाती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 40 से 45 करोड़ रुपये के आसपास है। मिताली ने भारत के लिए 12 टेस्ट, 232 वनडे और 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनकी शानदार बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
2. स्मृति मंधाना (नेट वर्थ: 33 करोड़ रुपये)
मिताली राज के बाद अगर कोई महिला क्रिकेटर कमाई के मामले में सबसे आगे हैं, तो वह हैं स्मृति मंधाना। उनकी कुल संपत्ति करीब 33 करोड़ रुपये बताई जाती है। क्रिकेट के अलावा, वह कई ब्रांड्स के साथ एंडोर्समेंट से भी अच्छी कमाई करती हैं। उन्होंने भारत के लिए 7 टेस्ट, 97 वनडे और 148 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को कई अहम मौकों पर जीत दिलाई है।
3. हरमनप्रीत कौर (नेट वर्थ: 23-26 करोड़ रुपये)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्तमान कप्तान हरमनप्रीत कौर भी कमाई के मामले में काफी आगे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 23 से 26 करोड़ रुपये के आसपास है। वह क्रिकेट के अलावा बूस्ट, HDFC लाइफ और CEAT टायर्स जैसी कंपनियों की ब्रांड एंबेसडर भी हैं। हरमनप्रीत ने भारत के लिए 6 टेस्ट, 141 वनडे और 178 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं।
महिला क्रिकेट में बढ़ती लोकप्रियता
जैसे-जैसे आधुनिक युग में महिला क्रिकेट का दायरा बढ़ रहा है, वैसे-वैसे महिला खिलाड़ियों की कमाई और लोकप्रियता भी बढ़ रही है। महिला क्रिकेट को अब पहले से ज्यादा सम्मान और समर्थन मिल रहा है, जिससे आने वाले समय में और भी अधिक महिला क्रिकेटर अपनी मेहनत से नाम और पैसा कमा सकेंगी।
महिला दिवस के इस खास मौके पर हम इन महान खिलाड़ियों को सलाम करते हैं, जिन्होंने मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर भारत को गर्व महसूस कराया।