साड़ी के फंदे पर लटके मिले दंपती, इलाके में सनसनी,शाहगढ़ के वाल्मिकी वार्ड की घटना, कारणों का अब तक नहीं चला सुराग
शाहगढ़। थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित वाल्मिकी वार्ड में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दंपती के शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। दोनों ने साड़ी का फंदा बनाकर एक साथ जान दे दी। फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना है, जबकि असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय उत्तम अहिरवार (पिता पसुआ अहिरवार) और उनकी पत्नी 50 वर्षीय हरीबाई अहिरवार के रूप में हुई है। सोमवार सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के पास जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से अटका हुआ था, हालांकि कुंडी खुली थी। किसी तरह अंदर झांकने पर दोनों को फंदे से लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। परिजनों के मुताबिक, दंपती का स्वभाव सामान्य था और वे परिवार के साथ हंसी-खुशी रहते थे। घर में बेटा, बहू सहित अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। बताया गया कि दोनों बीड़ी बनाकर अपने परिवार का गुजारा करते थे।
परिजनों ने यह भी कहा कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी उन्हें नहीं थी। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, यह अभी तक एक रहस्य बना हुआ है। थाना प्रभारी संदीप खरे के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए थे। सुबह देर तक बाहर न आने पर यह घटना सामने आई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।