जिला बदर आरोपी को किया गिरफ्तार
सागर। नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप को लगातार सूचना प्राप्त हो रही थी कि जिला बदर आरोपी अक्कू उर्फ आकाश जाटव 32 वर्ष निवासी 14 मुहल्ला सदर बाजार थाना केंट जिला सागर पुनः शहर में आकर न केवल जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर रहा है, बल्कि अवैध गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में भी है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुये नगर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से सूचना तंत्र को सक्रिय किया एवं स्वयं सतत मॉनिटरिंग करते हुये आरोपी की पतारसी के लिये प्रभावी रणनीति बनाई। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी की सटीक लोकेशन की जानकारी प्राप्त हुई। तत्काल नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी केंट को विस्तृत दिशा निर्देश देते हुये आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया, थाना केंट पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये 14 मुहल्ला, सदर बाजार क्षेत्र में दबिश दी गई एवं आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी को पूर्व में जिला दण्डाधिकारी सागर द्वारा जिला बदर किया गया था, बावजूद इसके वह आदेश की अवहेलना करते हुये शहर में घूमता पाया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 223 भारतीय न्याय संहिता बीएनएस एवं मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।