दिव्यांग एवं कल्याणी विवाह योजना में अपेक्षित कार्य नहीं, कमिश्नर ने व्यक्त की कड़ी नाराजगी
सागर संभाग में औद्योगिक इकाइयों की स्थिति की कमिश्नर ने की समीक्षा
सागर संभाग में औद्योगिक इकाइयों की स्थिति की कमिश्नर ने की समीक्षा
सागर। कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने सागर संभाग की सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में शत-प्रतिशत सीटों पर प्रवेश दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि सागर संभाग की सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में छात्र-छात्राओं को शत-प्रतिशत सीटों पर प्रवेश दिलाना सुनिश्चित करें तथा छात्र-छात्राओं को गुणवत्तायुक्त प्रशिक्षण दिलाएं। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि सागर संभाग के टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में प्रवेश हेतु पंजीयन कम है। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश के लिए सतत रूप से प्रयास किए जाएं।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं की विभिन्न कार्यकारी समितियों की बैठकें भी समय-समय पर कराएं तथा बैठकों में लिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन भी सुनिश्चित कराएं। कमिश्नर सागर संभाग ने उक्त निर्देश आज औद्योगिक विभाग, उद्योग विभाग, सामाजिक न्याय विभाग एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वयन में सागर संभाग के पन्ना जिले में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस योजना का क्रियान्वयन सागर संभाग के सभी जिलों में करें तथा योजना का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों को दिलाएं। कमिश्नर ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि सागर संभाग के सभी जिलों में परिणामी और परिणाममूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कमिश्नर ने सागर संभाग के औद्योगिकीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई तथा निर्देशित किया गया कि सागर संभाग में औद्योगिकीकरण का वातावरण तैयार किया जाए। औद्योगिक इकाइयों को सहजता से भूमि आवंटित किया जाए एवं अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं। कमिश्नर ने सागर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न औद्योगिक समूहों द्वारा स्थापित किए जा रहे उद्योगों की भी समीक्षा की।
बैठक में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग विवाह एवं कल्याणी विवाह योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि सागर संभाग के पन्ना और निवाड़ी जिलों में दिव्यांग विवाह एवं कल्याणी विवाह योजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि सागर संभाग के अन्य जिलों के समान ही पन्ना और निवाड़ी जिले में दिव्यांग एवं कल्याणी विवाह योजना का लाभ जरूरतमंद लोगों को दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन द्वारा संचालित दिव्यांग एवं कल्याणी विवाह योजना के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी मुहैया कराई जाए।
बैठक में कमिश्नर ने सागर संभाग में फूड पार्क स्थापित करने के कार्यो की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में उद्योग विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, उप संचालक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएं उपस्थित रहे।