चनाटोरिया सीएनजी प्लांट में गैस रिसाव, आसपास धुआं ही धुआं, लोगों में दिखा डर
सागर। दमोह रोड पर स्थित चनाटोरिया में संचालित सीएनजी गैस प्लांट में गैस रिसाव का मामला सामने आया है। गैस रिसाव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आये हैं। जिनमें प्लांट परिसर से गैस रिसाव की धुंध निकलती दिखाई दे रही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उक्त वीडियो बुधवार को होना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार चनाटोरिया स्थित मेघा गैस सीएनजी के प्लांट में बुधवार को गैस रिसाव होने से कुछ देर के लिए आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। प्लांट प्रबंधन ने गैस रिसाव पर नियंत्रण किया। जिससे अप्रिय घटना होने से बच गई। मामले में घटना की सूचना पुलिस या प्रशासन को भी नहीं दी गई। गुरुवार को गैस रिसाव का वीडियो सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान में लिया है। दरअसल चनाटोरिया पर सीएनसी गैस का प्लांट है। लेकिन यहां प्लांट से ही ग्राहकों को सीएनसी गैस दी जाती है। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि सीएनसी प्लांट से गैस रिसाव का मामला संज्ञान में आया है। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आये हैं। बहेरिया थाना पुलिस को घटना की जांच करने के निर्देश दिये है। मामले के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।