कुये में गिरा जंगली सुअरों का झुंड
वन विभाग ने 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद 4 को सुरक्षित बाहर निकाला, 2 की मौत
खुरई। वन परिक्षेत्र के पड़रई गांव में जंगल से भटक कर आये छह जंगली सुअरों का झुंड खेत में स्थित कुये में गिर गया। जिसमें से दो जंगली सुअरों की मौत हो गई, जबकि चार को वन विभाग और ग्रामीणों ने सुरक्षित बचाकर बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार पड़रई गांव से लगे लखन अहिरवार के खेत में बने बिना मुंडेर के गहरे कुये में ग्रामीणों को आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो छह जंगली सूअर कुये में गिरे थे। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। इसके बाद डिप्टी रेंजर रामदास पटेल, बीट प्रभारी राजेश आर्य और सुरक्षा श्रमिक मौके पर पहुंचे। पड़रई गांव के पास खेत में बने गहरे कुएं में जंगली सुअरों के गिरने की सुचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दरअसल, गांव के आसपास घना जंगल है, जिसके चलते यहां के वन्य प्राणी पाए जाते हैं। बुधवार को जंगल की तरफ से जंगली सुअरों का झुंड विचरण करते हुए किसान के खेत में बने बिना मुंडेर के कुये में गिर गए। कुआं करीब 40 फीट गहरा था। वन विभाग और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर करीब तीन घंटे में छह जंगली सुअरों को बाहर निकाल लिया। इस दौरान दो जंगली सुअरों की मौत हो गई। इसके बाद दोनों जंगली सुअरों के शव का वन विभाग ने अंतिम संस्कार किया। वहीं बाकी के चार सुअरों को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया। खुरई वन विभाग के रेंजर चंद्र भूषण सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों से कुये में छह जंगली सूअरों के गिरने की सुचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। कुएं से सभी छह जंगली सुअरों को बाहर निकाला गया। जिसमें से दो जंगली सुअरों की मौत हो गई थी। चार जीवित अवस्था में पाए गए हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है, कि यह छह जंगली सूअर रात के समय कुएं के पास से विचरण करते निकल रहे होंगे, जिससे वह गिर गए।