जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अनियमितताओं पर वेयरहाउस सील
सागर। जिला प्रशासन ने माफियाओं और कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर ढाना स्थित शारदा वेयरहाउस में भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद इसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर विजय डेहरिया, डिप्टी कलेक्टर नवीन सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार महेश दुबे समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जांच में मिली अनियमितताएं
डिप्टी कलेक्टर विजय डेहरिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं:
1. सोयाबीन के बोरों का वजन भिन्न: जहां हर बोरी का वजन 50 किलो 700 ग्राम होना चाहिए, वहां कुछ बोरियां 46 किलो की तो कुछ 51 किलो की पाई गईं।
2. रिकॉर्ड में गड़बड़ी: किसानों की खरीदी का सटीक विवरण उपलब्ध नहीं था।
3. अनधिकृत स्टॉक: वेयरहाउस में लगभग 18,000 क्विंटल सोयाबीन रखा गया था, जबकि बिलिंग सिर्फ 14,000 क्विंटल की थी।
4. सुरक्षा मानकों की कमी: वेयरहाउस में फायर सेफ्टी उपकरण भी नहीं पाए गए।
कलेक्टर का सख्त निर्देश
कलेक्टर संदीप जी आर ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी वेयरहाउस, सोयाबीन खरीदी केंद्र, खाद वितरण केंद्र और खाद्यान्न की दुकानों का सघन निरीक्षण करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से माफियाओं और अनियमितताओं में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।