कूलर सुधारते समय करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत, रहली क्षेत्र में शोक की लहर
रहली। रहली क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में एक 25 वर्षीय नवयुवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गजेंद्र (पुत्र आशाराम) के रूप में हुई है। यह दुखद घटना उस समय घटी जब वह अपने घर में कूलर सुधार रहा था।
परिजनों के अनुसार, गजेंद्र घर के भीतर कूलर की मरम्मत कर रहा था, तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, वह बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस असमय मृत्यु से गजेंद्र के परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गमगीन माहौल में लोगों ने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया।