कंट्रोल रूम ने महिला का खोया बैग किया सुरक्षित बरामद, युवती ने पुलिस को कहा थैंक्यू
सागर। 17 अप्रैल को प्रातः लगभग 11 बजे फरियादिया श्रद्धा पटेल निवासी जिला दमोह पुलिस कंट्रोल रूम सागर पहुंची एवं कंट्रोल रूम प्रभारी उप निरीक्षक आरकेएस चौहान को आवेदन देकर बताया कि कटरा से मकरोनिया जाते समय उनका बैग ऑटो में छूट गया है। बैग में उनका बंद स्विच ऑफ मोबाइल फोन, कपड़े, कुछ कीमती सामान एवं डेंटल क्लीनिक से संबंधित महत्वपूर्ण मेडिकल दस्तावेज रखे थे, जो उनके लिये अत्यंत आवश्यक हैं। घटना के कारण फरियादिया काफी परेशान थी। मामले की गंभीरता को देखते हुये कंट्रोल रूम सागर की टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की गई। महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक एवं आरक्षक गौरव कोरी को सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से ऑटो की पहचान करने हेतु लगाया गया। विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये, जिसमें ऑटो सबसे पहले सिविल लाइन क्षेत्र में दिखाई दिया। इसके बाद ऑटो की पहचान हेतु फोटो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया तथा स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम की मदद से संबंधित ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त किया गया। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक रजनीश यादव निवासी गोपालगंज का पता प्राप्त हुआ। पुलिस टीम द्वारा तत्काल उनके निवास पर पहुंचकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने बताया कि उक्त ऑटो उन्होंने नितेश रैकवार निवासी बाघराज वार्ड को दे दिया है। इसके बाद पुलिस टीम नितेश रैकवार के निवास पर पहुंची, जहां से जानकारी मिली कि ऑटो आगे अजय सेन निवासी बाहुबली कॉलोनी को दिया गया है। लगातार प्रयास करते हुये पुलिस टीम तीसरे व्यक्ति अजय सेन के निवास पर पहुंची, जहां उक्त ऑटो खड़ा मिला। ऑटो की तलाशी लेने पर फरियादिया का बैग सुरक्षित अवस्था में बरामद किया गया। इसके पश्चात बैग एवं ऑटो को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर फरियादिया श्रद्धा पटेल को सुपुर्द किया गया। अपना बैग सुरक्षित पाकर फरियादिया ने सागर पुलिस का आभार व्यक्त किया।