दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासाः भोपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 60 हजार मूल्य के सोने चांदी के आभूषण किये बरामद
सागर। थाना सिविल लाइन पुलिस को चोरी के एक प्रकरण में सफलता प्राप्त हुई है। 23 जनवरी को थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एमआईजी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के संबंध में फरियादिया कल्पना रावत पति विष्णु प्रसाद रावत 45 वर्ष निवासी एमआईजी कॉलोनी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुये थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतारसी की गई। विवेचना के दौरान घटना में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल से अभिरक्षा में लेकर सागर लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुये चोरी किये गये आभूषणों की बरामदगी कराई। आरोपियों के कब्जे से एक सोने का पेंडल, तीन जोड़ी पायल एवं आठ नग बिछिया सहित कुल लगभग 60,000 मूल्य का मशरूका बरामद किया गया। कार्यवाही में राजा पिता आसिफ खान 23 वर्ष निवासी भोपाल, लकी पिता मुदुल राजपूत 23 वर्ष निवासी कोलार रोड, भोपाल, विजय डिडोरिया पिता मुकेश डिडोरिया 21 वर्ष निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना सिविल लाइन से बीएस कारोलिया, सतीश बैन, हरगोविन्द, विपिन, रवि कुमार, नीरज, जवाहर सिंह, कुलदीप, सौरभ तथा फिंगरप्रिंट शाखा से अनिल अहिरवार की भूमिका रही।