79 वर्षीय वृद्ध किसान से दिनदहाड़े लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई राशि बरामद
सागर। थाना बीना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुये एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई राशि का एक हिस्सा एवं घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। फरियादी लालजू पिता स्व. रामप्रसाद कुर्मी 79 वर्ष निवासी ग्राम बसारी थाना खिमलासा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अप्रैल को वह बीना से कृषि उपज का भुगतान प्राप्त कर साइकिल से अपने गांव बसारी लौट रहे थे। दोपहर लगभग 1 बजे बीना-खिमलासा मार्ग पर धनोरा मंदिर के पास एक कार चालक ने उनकी साइकिल रोककर बातचीत शुरू की और चालाकी से उनकी जेब में रखे 15,530 रुपये झपटकर कार से फरार हो गया। फरियादी ने सतर्कता दिखाते हुये आरोपी की कार का नंबर यूपी 94 एएल 4382 नोट कर लिया, जिसके आधार पर थाना बीना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बसारी टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। वाहन के स्वामी का पता लगाकर पूछताछ की गई, जिससे जानकारी मिली कि उक्त कार किराये पर पवन खरे को दी गई थी। आगे की जांच में पता चला कि घटना के समय कार विनय लिटौरिया अपने साथ लेकर गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया था। थाना बीना पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुये ललितपुर में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और 18 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी विनय पिता राजेश लिटौरिया 23 वर्ष निवासी आजादपुरा, तुवन मंदिर के पीछे ललितपुर उप्र ने वृद्ध किसान से रुपये लूटने की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से 5000 रुपये बरामद किये गये, जबकि शेष राशि उसने पार्टी एवं अन्य व्यक्तिगत खर्चों में खर्च करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने वृद्ध किसान को अकेला एवं असहाय देखकर वारदात को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली ललितपुर में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अनूप यादव, निशांत भगत, आलोक सिंह, गजेन्द्र, दीप सिंह भदौरिया, युधिष्ठिर, ब्रजेन्द्र सिंह, संदीप यादव, महेश एवं राहुल की भूमिका रही।