सागर : जुआ फड़ से 9 जुआरी पकड़ाये, 71 हजार नकद, दो कार समेत 21.24 लाख का सामान जब्त
सागर। सुरखी पुलिस ने अगरा रोड पर संचालित हो रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्यवाही में 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से नकद, कारें, मोबाइल समेत 21.24 लाख का मसरूका जब्त किया गया है। थाने लाकर जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है। मामले में अंकुश चौहान बरकोटी फरार है। पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुरखी क्षेत्र के अगरा रोड स्थित गौशाला के पीछे कुछ व्यक्ति बड़े पैमाने पर हार-जीत का दाव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सागर और थाना सुरखी पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर 9 जुआरियों को धरदबोचा। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अंकुश चौहान बरकोटी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। सुरखी थाना प्रभारी सत्यव्रत धाकड़ ने बताया कि कार्यवाही में आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 71 हजार नकद, 52 ताश के पत्ते, 9 टच मोबाइल फोन, आर्टिका कार क्र. एमपी 15 जेडजे 0366, बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार कुल लगभग 21.24 लाख का मशरूका जब्त किया है। जुआरियों पर मामला दर्ज किया गया है।