सागर : हनुमान मंदिर से चुराये 18 हजार रुपये मिले, युवक को जेल भेजा
सागर/खुरई। पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट परिसर स्थित प्रसिद्ध दंडनायक हनुमान मंदिर में हुई चोरी का खुलासा किया। आरोपी युवक के पास चोरी की गई 18 हजार रुपये की पूरी नकदी मिली है। खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि यह घटना 13 जून की रात की है, जब स्टेशन रोड स्थित कोर्ट परिसर में बने दंडनायक हनुमान मंदिर और भूतेश्वर मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर ने हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे सारे पैसे साफ कर दिये थे। मंदिर के पुजारी की शिकायत पर खुरई शहरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर सागर के बाघराज वार्ड के रहने वाले समीर अली पिता शहीद अली को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो समीर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी समीर अली को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी समीर एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी के चार अन्य मामले दर्ज हैं।