स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा, डॉक्टर से अभद्रता और तोड़फोड़, मरीज पर मामला दर्ज
सागर/शाहगढ़। शाहगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने इलाज में कथित देरी से नाराज होकर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से अभद्रता की और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सिमरिया निवासी मुकेश यादव पेट दर्द की शिकायत लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसकी प्राथमिक जांच की, जिसमें उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उपचार में कुछ समय लगा। इसी दौरान युवक कथित रूप से मोबाइल चलाने में व्यस्त रहा, लेकिन बाद में वह अचानक आक्रोशित हो गया। बताया गया कि युवक ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर की टेबल पर जोर से हाथ पटककर उसका शीशा तोड़ दिया और अस्पताल परिसर में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुये चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ अपशब्द कहे। डॉ. दिव्या दीक्षित और डॉ. योगेश सोनी ने मरीज का परीक्षण कर उसे भर्ती करने तथा दवा, इंजेक्शन और ड्रिप लगाने के लिये पर्ची लिखी, लेकिन युवक भर्ती होने के बजाय बिना इलाज कराये ही अस्पताल से चला गया। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बीएमओ ने शाहगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में युवक द्वारा तोड़फोड़ और चिकित्सकों से अभद्र व्यवहार किये जाने की पुष्टि होने पर उसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। पुलिस ने बीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।