हाईवे पर ट्रक चालकों पर फायरिंग करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना प्रभारी निरीक्षक हरिराम मानकर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने थाना देवरी के अपराध क्र. 504/2025 में फरार चल रहे आरोपी नमन मिश्रा पिता शिवकुमार मिश्रा निवासी सिमरिया थाना महाराजपुर जिला सागर को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि 11 नवम्बर 2025 को थाना देवरी क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों पर गोली चलाकर प्राणघातक हमला करने की गंभीर घटना हुई थी। इस संबंध में थाना देवरी में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे थे। 30 जून को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर थाना देवरी पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा एवं आरक्षक कमलेश ने त्वरित कार्यवाही करते हुये सिविल लाइन सागर से आरोपी नमन मिश्रा को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी से पूछताछ कर उसका मेमोरेंडम लेखबद्ध किया गया, जिसके आधार पर घटना में प्रयुक्त नीले रंग की आई.20 कार क्र.एमपी 15 जेडएफ 5170 बरामद कर विधिवत जब्त की गई है। प्रकरण में प्रयुक्त 315 बोर की बंदूक की बरामदगी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ जारी है। इसी उद्देश्य से न्यायालय देवरी से आरोपी का 3 जुलाई तक का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।