शराब पीने के लिए पैसे न देने पर मारपीट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने शराब पीने के लिये पैसे मांगकर मारपीट एवं धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही उसके विरुद्ध लंबित गिरफ्तारी वारंट की भी तामील की गई। थाना गोपालगंज के अपराध क्र. 269/2025 में आरोपी राजा राजपूत उर्फ राजा ठाकुर पिता अभय ठाकुर निवासी अहमदनगर थाना गोपालगंज के विरुद्ध फरियादी से शराब पीने के लिये पैसों की मांग करने, पैसे देने से इंकार करने पर अश्लील गाली गलौज करने, मारपीट कर दांत से काटकर घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के संबंध में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार पुलिस गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था। थाना गोपालगंज पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुये एवं लगातार पतारसी कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्यवाही पूर्ण करते हुये न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तारी के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी के विरुद्ध एक अन्य प्रकरण में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था। थाना गोपालगंज पुलिस ने उक्त वारंट का भी विधिवत तामील कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।