सागर : आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद, महिला को डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास, बेटे को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, आधा एकड़ जमीन को लेकर विवाद
सागर/बीना। पड़रिया गांव में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे की महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। 60 फीसदी झुलसी महिला को सागर रेफर किया गया है। बताया जाता है कि महिला का जमीन को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित रीना बाई 40 पति अरविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि सुबह के समय अपने बेटे ओमसिंह ठाकुर के साथ खेत देखने गई थी। यहां संजय सिंह, प्रशांत सिंह, कलेक्टर सिंह पड़ोस वाले के खेत की ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। हमने कहा कि जिसके नाम जमीन है, पहले उन्हें बुला लो, इसके बाद ही खेत जोतना। इस पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुये कहा हम तुम्हें जान से मार देंगे। आरोपी मेरे बेटे पर ट्रैक्टर चढ़ाने लगे। इसके बाद जैसे तैसे दोनों मां-बेटे वापस जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उनके ऊपर डीजल डाल दिया। दूसरे ने माचिस की तीली जलाकर फेंक दी, मैं लपटों में घिर गई। बेटा मां को बचाने आया, तो वह भी झुलसते में बचा। उसकी शर्ट जल गई। महिला ने संजय सिंह, प्रशांत सिंह एवं कलेक्टर सिंह पर आग लगाने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अरविंद सिंह ठाकुर ने करीब तीन साल पहले डेढ़ एकड़ जमीन कलेक्टर सिंह के भांजे को बेची थी। महिला द्वारा विवाद करने के कारण करीब एक साल पहले एक एकड़ जमीन कलेक्टर सिंह के भांजे ने रुपये लेकर वापस कर दी थी। महिला करीब आधा एकड़ जमीन वापस लेने प्रयास कर रही थी, लेकिन कलेक्टर सिंह ने कहा कि रुपये वापस कर दो, तो वह भी जमीन लौटा देगा। इसी बात को लेकर आये दिन विवाद होता रहता था। गुरुवार को उसी खेत पर संजय सिंह, प्रशांत सिंह, कलेक्टर सिंह जुताई कर रहे थे। इसी दौरान मां-बेटे पहुंचे। इन लोगों से विवाद करने लगे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला ने खुद ही आग लगाई है। महिला काफी समय से जमीन वापस लेने की कोशिश में थी। बताया जाता है कि जिन लोगों पर महिला ने आरोप लगाये हैं, उन्हीं ने डायल 112 को कॉल करके अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि डायल 112 के स्टॉफ की मदद से आग से झुलसी महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी समय महिला को गंभीर हालत में सागर रेफर किया जा रहा था। ऐसे में महिला के बयान नहीं हो सके। पुलिस टीम को सागर भेजा है। महिला सागर के निजी अस्पताल में भर्ती है। जहां पुलिस की टीम महिला के बयान लेगी। महिला के बयान के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।