दरवाजे की कुंडी पर बैठा मिला पांच फीट का कोबरा, डेढ़ घंटे कमरे में कैद रहा परिवार
सागर। ग्राम पथरिया जाट में स्थित लोधीपुरा के एक मकान में गुरुवार को सांप घुस गया। सांप घर के दरवाजे की कुंड़ी पर बैठा था। परिवार के लोग सोकर उठे और देखा तो सांप बैठा था। सांप देख परिवार के सदस्य दहशत में आ गये। वे करीब डेढ़ घंटे तक कमरे में कैद रहे। दहशत में ओम नमः शिवाय का जाप करते रहे। इसी बीच परिवार के लोगों ने स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी। स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि जगदीश लोधी के मकान में सांप दरवाजे की कुंड़ी से नीचे उतरकर टेबल के पीछे छिपा है। जिसे कुछ देर की मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया। रेस्क्यू में पकड़ाया सांप कोबरा प्रजाति का है जो करीब 5 फीट लंबा है। यह सांप बेहद जहरीला होता है। गनीमत रही कि सांप ने किसी को डसा नहीं। बारिश का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में जीव-जंतु बिलों से बाहर आ रहे हैं। लोग अपने घरों के आसपास साफ सफाई रखें। अंधेरे में आवागमन करते समय सावधानी बरतें और उजाले का उपयोग करें।