स्वामित्व योजना में तेजी लाने कलेक्टर प्रतिभा पाल के सख्त निर्देश
हर तहसील में 100 प्रकरणों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य, एमपी ई-सेवा ऐप से होगी रजिस्ट्री इनिशिएशन की प्रक्रिया; तहसीलदार और नायब तहसीलदार करेंगे रोजाना समीक्षा
सागर। स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि से जुड़े प्रकरणों में रजिस्ट्री इनिशिएशन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक तहसील में 100 प्रकरणों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य तय कर उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत पहले से लंबित और नए प्राप्त प्रकरणों में रजिस्ट्री इनिशिएशन की कार्रवाई अब एमपी ई-सेवा मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से भी की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए मैदानी अमले को तत्काल सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में पदस्थ संबंधित मैदानी अमले, पटवारियों, पंचायत सचिवों और सीएससी ऑपरेटरों को एमपी ई-सेवा ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन इनिशिएशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्देशित करने को कहा गया है। योजना के लंबित और नए सभी प्रकरणों की एंट्री के साथ रजिस्ट्री इनिशिएशन का काम प्राथमिकता के आधार पर ऐप के माध्यम से कराने पर जोर दिया गया है।
कलेक्टर ने तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को अपने अधीनस्थ पटवारियों द्वारा ऐप पर की जा रही प्रविष्टियों और रजिस्ट्री इनिशिएशन की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तय लक्ष्य के मुताबिक कार्य में गति लाने और लंबित मामलों को समय-सीमा के भीतर निपटाने को प्राथमिकता देने के लिए कहा है।