बीस हजार की रिश्वत लेते जिला शिक्षा अधिकारी का लिपिक गिरफ्तार
पन्ना। जिले मे लोकायुक्त पुलिस द्वारा लगातार रिश्वत लेने के मामले मे अधिकारी कर्मचारियो को दबोचा जा रहा है, उसके बावजूद जिले मे भ्रष्टाचार की घटनाये रूक नही रही है तथा कोई भी कार्य अधिकारी कर्मचारी बिना पैसा के आम आदमी का काम नही करते है। जिससे जिले में अराजकता की स्थिति बनी हुई है। एक माह के अंदर जिले में रिश्वत लेने के मामले लोकायुक्त द्वारा दूसरी बडी कार्यवाही की गई है। जिसमे शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक महेन्द्र साहू को लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने बीस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। ज्ञात हो कि शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक महेन्द्र साहू द्वारा घाट सिमरिया में पदस्थ शिक्षक किशोर सिंह राजपूत से बीस हजार रूपये की रिश्वत की मांग काम की एवज मांगी थी। जिसकी शिकायत संबंधित शिक्षक द्वारा लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में की गई थी। उसी के आधार पर लोकायुक्त की टीम ने कार्यवाही करते हुए संबंधित लिपिक महेन्द्र साहू को रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। ज्ञात हो कि इसी माह में पवई विधानसभा अन्तर्गत ग्राम कुंअरपुर में पदस्थ पटवारी अशोक कुमार प्रजापति को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। पन्ना जिले में सबसे अधिक लोकायुक्त की कार्यवाहिया होने के बावजूद भ्रष्टाचार का खेल थम नही रहा है। उक्त कार्यवाही लोकायुक्त डीएसपी मंजू सिंह के नेतृत्व में की गई है।