प्रेमिका ढोल-नगाड़े के साथ पहुंची प्रेमी के घर, नौ वर्षों के शोषण का लगाया आरोप
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी बाजार में आज एक अनोखी घटना घटी, जब एक महिला ढोल-नगाड़ों के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। प्रियंका नामक महिला जैसे ही प्रेमी के दरवाजे पर पहुंची, पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
प्रियंका ने आरोप लगाया कि उसका प्रेमी पिछले 9 वर्षों से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है और उसने उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। 2015 में मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर में दोनों ने शादी भी की थी, लेकिन प्रेमी ने उसे अपने घर में कभी नहीं रखा।
प्रियंका ने बताया कि उसने पुलिस से भी न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। मजबूर होकर वह आज सुबह दुल्हन के वेश में प्रेमी के घर पहुंची।
यह मामला उत्तर प्रदेश का है। प्रियंका पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। उसने बताया कि 2015 में उसकी मुलाकात प्रेमी से हुई थी। आरोप है कि प्रेमी ने चुपके से उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे ब्लैकमेल करने लगा। नौ वर्षों तक उसने प्रियंका का शारीरिक शोषण किया और शादी के बावजूद उसे अपने साथ नहीं रखा।
प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमी उसे धमकी देता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह यह बात उसके भाई और पति को बता देगा। पुलिस के पास जाने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे नाराज होकर प्रियंका आज प्रेमी के घर पहुंची।
प्रेमिका के इस कदम ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।