भीषण सड़क हादसा: पिकअप और इको वैन की टक्कर, 21 घायल, 8 की हालत गंभीर
गौरझामर (केसली थाना) - केसली थाना अंतर्गत मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसमें पिकअप वाहन और इको वैन की टक्कर में 21 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशा कार्यकर्ता इको वैन (वाहन क्रमांक MP 15 CA 3526) में सवार होकर केसली में समीक्षा बैठक के लिए जा रही थीं, जबकि दूसरी ओर पिकअप वाहन (वाहन क्रमांक MP 15 G 3778) में श्रद्धालु रानगिर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान टड़ा चौकी अंतर्गत झिरिया सेमरा के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को पुलिस वाहनों के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केसली पहुंचाया गया। यहां 8 गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर के अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों में दीपिका आदिवासी (19), राधिका गौंड (15), तेजश्वरी गौंड (16), छोटीबाई गौंड (13), इमरती गौंड (25), श्वेता गौंड (20), मयंक साहू (7), लीला साहू (35), गुनगुन कुशवाहा (13), कृष्णकांत कुशवाहा (17), शिवांश गौंड (2), रितेश गौंड (12), और हरगोविंद गौंड (10) शामिल हैं। ये सभी शाहपुर पिपरिया, जिला रायसेन के निवासी हैं।
वहीं, इको वैन में सवार अनीता घोसी (30), सरस्वती कुर्मी (25), खुशबू खान (25), अरमान खान (25), सुनीता कुर्मी (40), रजनी घोसी (35), और श्रीबाई कुर्मी (38) घायल हुईं। इनका इलाज केसली के अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल हादसे के बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायल लोग फोन कर एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। इसके अलावा अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था भी अपर्याप्त दिखाई दी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं।