देवघर: शादी में ठंड बनी विलेन, वर के बेहोश होने पर दुल्हन ने किया शादी से इनकार
देवघर। इस साल की सर्दी ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ठंड का असर इतना ज्यादा है कि इसका खामियाजा अब शादियों पर भी पड़ने लगा है। मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा में एक शादी के दौरान ठंड के कारण दूल्हा बेहोश हो गया, जिसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया।
ठंड के कारण टूटा रिश्ता
घटना देवघर प्रखंड के घोरमारा मंडल स्थित सुखाड़ी मंडल गार्डन की है, जहां घोरमारा के अनुज कुमार और भागलपुर की युवती की शादी का आयोजन किया गया था। शादी में दोनों पक्षों ने धूमधाम से तैयारी की थी। बारातियों का स्वागत किया गया और खुले आसमान के नीचे बने स्टेज पर वरमाला की रस्म भी पूरी हुई।
शादी के दौरान बेहोश हुआ दूल्हा
वरमाला के बाद जब अन्य रस्में शुरू हुईं, तो अचानक दूल्हा ठंड से कांपते हुए बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे पास के कमरे में ले जाया गया और एक ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया गया। चिकित्सक ने दूल्हे को ठंड से बचाव के लिए इंजेक्शन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद दूल्हे को होश आया। चिकित्सक ने बताया कि दूल्हा सुबह से खाली पेट था और ठंड के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई।
दुल्हन ने शादी से किया इनकार
जब दूल्हा होश में आया और रस्में फिर से शुरू होने वाली थीं, तभी दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हे की तबीयत में गड़बड़ी हो सकती है, और वह भविष्य में किसी बीमारी का शिकार हो सकता है। दोनों परिवारों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।
विवाद के बीच पहुंची पुलिस
दुल्हन के इनकार के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो सुबह तक चलता रहा। इस दौरान मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। अंततः दूल्हा बिना दुल्हन के वापस घोरमारा लौट गया, और दुल्हन अपने घर भागलपुर चली गई।