मंदसौर में कुएं में गिरने से 12 लोगों की दर्दनाक मौत, माता के दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। 13 सवारियों को ले जा रही एक तेज रफ्तार ईको वैन बाइक को टक्कर मारने के बाद असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत के एक बिना मुंडेर वाले कुएं में जा गिरी। हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में वैन सवार 10 लोगों के अलावा, कुएं में गिरे लोगों को बचाने उतरा एक युवक और बाइक चालक शामिल हैं। तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
माता के दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के ग्राम खोजनखेड़ा से 13 लोग ईको वैन में सवार होकर नीमच जिले के आंतरी माता के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में दोपहर करीब 12:30 बजे मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील क्षेत्र के नारायणगढ़ थाना अंतर्गत काचरिया चौपाटी के पास वैन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गोबर सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद वैन चालक वाहन को भगाने की कोशिश कर रहा था, तभी वैन असंतुलित होकर सड़क किनारे बने एक कुएं में जा गिरी। कुएं में पानी कम था, लेकिन दीवारों से टकराने और दम घुटने के कारण वैन सवारों की मौत हो गई।
मदद के लिए कूदा युवक भी जान गंवाया
प्रत्यक्षदर्शी मनोहर सिंह (40 वर्ष) हादसा देख तत्काल लोगों को बचाने के लिए कुएं में कूद गया, लेकिन वह भी जान नहीं बचा सका। प्रशासन ने रेस्क्यू कर कुएं से कुल 11 शव निकाले, जबकि कुछ घायलों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। घंटों की मशक्कत के बाद वैन को भी कुएं से बाहर निकाला गया।
जांच जारी, उपमुख्यमंत्री पहुंचे मौके पर
रतलाम रेंज के डीआईजी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मौत का कारण वाहन से निकली गैस या अंदरूनी चोटें हो सकती हैं। स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।