रेल सफर में महिला के साथ छेड़छाड़, मोबाइल छीनकर आरोपी फरार — जीआरपी सागर ने आरोपियों को दबोचा
सागर। रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी सागर ने महिला के साथ छेड़छाड़ और मोबाइल लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर श्रीमती सिमाला प्रसाद (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर श्री लोकेश मार्को (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई।
घटना रेलगाड़ी संख्या 22161 राज्यरानी एक्सप्रेस में सामने आई। फरियादिया भोपाल से दमोह जाने के लिए जनरल टिकट लेकर इंजन के पास लगे विकलांग कोच में यात्रा कर रही थी। रात के समय जब ट्रेन पथरिया स्टेशन पर रुकी, तब विकलांग कोच में बैठे अन्य सभी यात्री उतर गए। ट्रेन के आगे बढ़ने के बाद आउटर पर दो अज्ञात युवक कोच में चढ़े और महिला के अकेलेपन का फायदा उठाते हुए उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे और छेड़छाड़ की।
महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की फोटो खींचने के लिए फोन निकाला और शोर मचाया। इस पर आरोपी घबरा गए और साक्ष्य मिटाने के इरादे से महिला का मोबाइल फोन छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना जीआरपी सागर में अप.क्र. 126/25 धारा 74, 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
महिला संबंधी अपराधों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों —
1. राजा गुप्ता पिता विपनाथ गुप्ता उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 04 पथरिया, जिला दमोह
2. देवकुमार पिता हरिराम अवस्थी उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 05 पथरिया, जिला दमोह
को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय सागर में पेश किया गया, जहां से उन्हें केन्द्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
सफल कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही:
थाना प्रभारी उप निरीक्षक एच.एल. चौधरी, सउनि महेश कोरी, प्र.आर. 287 प्रकाश चंद्र कोरी, प्र.आर. 112 कैलाश रघुवंशी, प्र.आर. 308 भानू प्रताप सिंह, आर. 435 धीरज यादव, आर. 179 सत्येन्द्र पटैल, तथा आर. 439 नरेश कुमार और आर. 231 नीरज यादव।