मृत महिला के खाते से 17,600 रुपए की धोखाधड़ी, बेटे ने दर्ज कराई शिकायत
सिरोंज (मध्य प्रदेश): एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मृत महिला के बैंक खाते से 17,600 रुपए धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए। मामला सिरोंज के क्षत्रिनाका स्थित एसबीआई कियोस्क सेंटर से जुड़ा है, जहां भग्गो बाई नाम की महिला का खाता था। जानकारी के अनुसार, महिला की मृत्यु कैंसर के कारण 4 जून 2023 को हो गई थी।
मृतका के बेटे और खाते के नॉमिनी उत्तम सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार कियोस्क संचालक रमन नेमा से पैसे निकालने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर पैसे देने से मना कर दिया गया। रमन का कहना था कि खाताधारक के बिना पैसे नहीं निकाले जा सकते।
हालांकि, 17 मई को उत्तम सिंह के मोबाइल पर एक संदेश आया कि उनकी मां के खाते से 17,600 रुपए निकाल लिए गए हैं। जब उन्होंने एसबीआई शाखा में जाकर जानकारी ली तो पता चला कि पैसे कियोस्क संचालक रमन नेमा की आईडी से निकाले गए हैं।
22 मई की रात खुद रमन ने उत्तम को फोन कर इस बात की जानकारी दी कि पैसे निकाल लिए गए हैं। इस पर उत्तम सिंह ने आपत्ति जताई और 23 मई को सिरोंज थाने और एसबीआई शाखा में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में रमन नेमा ने स्वीकार किया कि उसके कियोस्क आईडी से पैसे निकाले गए हैं, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि यह कैसे हुआ। उसने यह जरूर कहा कि वह निकाली गई राशि मृतका के खाते में वापस जमा कर रहा है।
इस पूरे मामले पर एसबीआई के ब्रांच मैनेजर से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई बयान देने से इनकार कर दिया।
पीड़ित परिवार ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।