पिता ने अपने ही मासूम बेटों की कर दी निर्मम हत्या, पारिवारिक विवाद बना वजह, आरोपी गिरफ्तार
धार। मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी तहसील के भंवरपुरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने दो मासूम बेटों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक बच्चों की उम्र मात्र 3 और 4 वर्ष थी। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार सुबह दोनों के शव घर के आंगन में लहूलुहान हालत में मिले।
जानकारी के अनुसार आरोपी सिकदार ने पत्नी मंजू की भी गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन वह किसी तरह अपने बड़े बेटे पंकज को लेकर जान बचाकर भाग निकली। जब वह सुबह करीब 8:30 बजे घर लौटी, तो दोनों मासूम बेटों आकाश (4) और विकास (3) के शव आंगन में पड़े मिले।
गांव के पटेल को दी गई सूचना, फिर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंजू ने गांव के पटेल प्रताप सिंह को सूचित किया। प्रताप सिंह ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। डही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी दिलीप तड़ेवला ने बताया कि बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशे से किसान है और प्रारंभिक तौर पर उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
पारिवारिक विवाद बन सकता है वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद इस खौफनाक वारदात की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
दो मासूमों की इस बर्बर हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।