थाने से 100 मीटर दूर ज्वेलर्स दुकान में चोरी, नगदी और लाखों के सोने-चांदी के जेवर गायब
बीना। इटावा बाजार में पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोन-चांदी के आभूषण और नगदी चुरा लिये। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदार अनिल सोनी जो श्यामलाल सोनी के पुत्र हैं, गुरुवार सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने ताले टूटे हुये पाये। शटर उठाकर अंदर देखने पर उन्हें अलमारी भी टूटी मिली और उसमें रखे सभी जेवरात गायब थे। अनिल सोनी के अनुसार चोर दुकान से करीब 7 से 10 हजार रुपये नगद और 4 से 5 लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवरात ले गये। चोरी हुये आभूषणों में अंगूठी, पायलें और बिछिया सहित अन्य सामान शामिल था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। थाने से दुकान की कम दूरी को देखते हुये रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर सर्राफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार सोनी, भारत भूषण सोनी और जितेंद्र राय सहित कई अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र जांच कर चोरों को पकड़ने और पीड़ित व्यापारी को न्याय दिलाने की मांग की। व्यापारियों ने बाजार में गश्त बढ़ाने की अपील की। बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि चोरों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।