चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा, फरार आरोपी गिरफ्तार, चोरी गया सामान बरामद
सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुये फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 23 जून को फरियादी विजय तिवारी द्वारा थाना गोपालगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर स्थित संतोषी माता मंदिर से अज्ञात चोर तीन पुराने चांदी के छत्र चोरी कर ले गया है। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुये आरोपी उमेश कुर्मी पिता अच्छेलाल कुर्मी 27 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरा निखर थाना नरयावली जिला सागर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गये तीनों चांदी के छत्र बरामद कर कार्यवाही उपरांत न्यायालय में प्रस्तुत किया। वही 20 जून को फरियादी अभिषेक चक्रवर्ती निवासी सोमनाथ पुरम कॉलोनी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि तिली तिगड्डा सिग्नल के पास स्थित निशा मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर दुकान में रखे डाग फू्रट के पैकेट एवं गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ले गये, साथ ही आसपास की अन्य दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास भी किया गया था। प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शेष फरार आरोपी आदर्श रैकवार उर्फ करिया की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण मुखबिर सूचना एवं सतत पुलिस प्रयासों के आधार पर थाना गोपालगंज पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।