तेंदूखेड़ा में कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन, महंगाई, किसानों एवं युवाओं के मुद्दों पर सौंपा 17 सूत्रीय ज्ञापन
तेंदूखेड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय बस स्टैंड परिसर में दोपहर 2 बजे से विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। धरना-सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, किसान और युवा वर्ग लगातार परेशानियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है, जिससे परिवहन लागत बढ़ी है और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में भी लगातार वृद्धि हुई है। जबेरा विधानसभा प्रभारी रमाकांत यादव ,कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल, पंडित मनु मिश्रा, दृगपाल सिंह ,जबेरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा,नोहटा संतोष रजक,तेजगढ़ मोहन आदिवासी, तेंदूखेड़ा नीलेश यादव,गोविंद तिवारी, रघुनाथ यादव ,सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश और देश की भाजपा सरकार युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध कराने में भी विफल रही है। किसानों को पहले आसानी से खाद उपलब्ध हो जाती थी, लेकिन अब ऑनलाइन व्यवस्था के कारण उन्हें कई दिनों तक कम्प्यूटर सेंटर, पटवारी एवं तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों को डीएपी खाद की कमी, महंगे डीजल और कृषि कार्यों में बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक सभी प्रभावित हैं। धरना-सभा के पश्चात बस स्टैंड से तारादेही तिराहा तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए। इसके उपरांत कांग्रेस ने धरना स्थल से लेकर तारादेही तिराहे तक पदयात्रा कार्यालय निकलते हुए कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाए इसके बाद तिराहे पर महामहिम राष्ट्रपति के नाम 17 सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी को सौंपा। ज्ञापन में किसानों के लिए खाद की ऑनलाइन बिक्री व्यवस्था समाप्त करने, पर्याप्त डीएपी एवं यूरिया उपलब्ध कराने, डीजल के दाम कम करने, घरेलू गैस सिलेंडर सस्ता करने, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने, किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने, प्रधानमंत्री आवास योजना की बकाया किस्तों का भुगतान करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने सहित विभिन्न मांगें शामिल की गईं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आमजन की परेशानियों का समाधान करने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी भविष्य में भी जनहित के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष और आंदोलन जारी रखेगी। कार्यक्रम में मंच का कुशल संचालन कृष्णा यादव द्वारा किया गया धरना प्रदर्शन में सैकड़ो किसान कांग्रेसी आमजन युवा शामिल रहे