शादी की खुशियां मातम में बदलीं! विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार का भीषण एक्सीडेंट, ड्राइवर की मौत
सागर जिले के खुरई में दो कारों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। दोनों गाड़ियां बुरी तरह डैमेज हो गईं। एक कार में दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोग फंस गये। गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला जा सका। एम्बुलेंस देरी से पहुंचने पर ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा खुरई बायपास स्थित टीहर चौराहा पर सोमवार को हुआ। सभी घायलों की नाजुक हालत को देखते हुये उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। खुरई देहात थाना पुलिस के मुताबिक तोड़ा काछी गांव के रहने वाले प्रहलाद कुशवाहा की शादी बीना के बेसरा गांव की पूजा कुशवाहा से रविवार को हुई थी। रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई करा परिवार अर्टिगा कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान सागर की ओर से आ रही सफारी कार ने सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और सीधे अर्टिगा से आ टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा के आगे वाले दोनों गेट दब गये और सवार उसके अंदर फंस गये। राहगीरों ने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। कड़ी मशक्कत के बाद गेट तोड़कर कार सवारों को बाहर निकाला। सभी को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया। अर्टिगा के ड्राइवर सुरेंद्र पिता गुलाब सिंह यादव 28 की हालत गंभीर होने पर उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एम्बुलेंस देरी से आने की वजह से वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सका। उसने खुरई सिविल अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। ड्राइवर की मौत के बाद परिजन का गुस्सा फूट पड़ा। दूल्हे के रिश्तेदार सोनू कुशवाहा ने 108 एम्बुलेंस मैनेजमेंट पर आरोप लगाते हुये कहा कि अस्पताल परिसर में गाड़ियां खड़ी होने के बावजूद स्टाफ ने घायलों को सागर ले जाने में आनाकानी की। उनके रवैये की वजह से परिजन को काफी परेशान होना पड़ा। आखिरकार उन्होंने निजी एम्बुलेंस का इंतजाम करके घायलों को सागर भेजा।