जनसुनवाई में पहुंचे 25 के करीब आवेदन, कई विभागों के अधिकारी रहे अनुपस्थित
तेंदूखेड़ा। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित लगभग 20 से 25 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सी.जी. गोस्वामी, जनपद पंचायत सीईओ मनीष बागरी, तहसीलदार विवेक व्यास, बीईओ नितेश पांडे नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर राजू नामदेव तथा अन्य अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि जनसुनवाई के दौरान एक बार फिर कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। कुछ विभागों के अधिकारियों ने स्वयं उपस्थित होने के बजाय अपने प्रतिनिधियों को भेजा। विद्युत विभाग से सुधीर पटेरिया सहित नगर परिषद एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जबकि लोक निर्माण विभाग की एसडीओ मनीषा मोगनिया एवं जल संसाधन विभाग के एसडीओ श्री पटेल जनसुनवाई में उपस्थित नहीं हुए। जनसुनवाई के दौरान भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक की मौसी तुलसा खटीक भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। उन्होंने पीएम आवास योजना एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर जनपद सीईओ मनीष बागड़ी से चर्चा की। इस पर सीईओ ने उन्हें आश्वस्त किया कि नाली निर्माण का कार्य शीघ्र कराया जाएगा, जबकि पीएम आवास की स्वीकृति में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है। इस पर वृद्धा तुलसा बाई ने भावुक होकर कहा, यदि मैं तब तक जीवित रही तो आवास का लाभ मिल पाएगा।उनके इस कथन ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री की मौसी तेजगढ़ में रहती है लगभग 1 वर्ष पहले जब केंद्रीय मंत्री उनके घर आए थे तो उन्हें अधिकारियों से आश्वासन मिला था कि आपको पीएम आवास मिल जाएगा