तेज हवाओं से 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटा, तीन घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
तेंदूखेड़ा। शनिवार दोपहर तेज हवाओं के कारण नगर के वार्ड क्रमांक-9 में लगभग 3:00 बजे 11 केवी विद्युत लाइन से शीशम के पेड़ की एक बड़ी डाल संपर्क में आ गई। इससे विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट हुआ और तेज धमाके के साथ तार टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय तार टूटा, उस दौरान वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद नगर के कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई। बिजली बंद होने से लोगों को उमस भरी गर्मी के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और मरम्मत कार्य प्रारंभ किया।
विद्युत कर्मचारियों सुधीर पटेरिया, शिवम खरे, लकी मिश्रा एवं कुद्दू सिंह ने कठिन परिस्थितियों में लगातार अथक मेहनत करते हुए क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत की। कर्मचारियों के प्रयासों से लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 5.45 बजे विद्युत आपूर्ति को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि तेज हवाओं के दौरान पेड़ों की डालियां विद्युत लाइनों के संपर्क में आने से इस प्रकार की घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विद्युत विभाग से विद्युत लाइनों के आसपास खड़े पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
विद्युत विभाग के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से न केवल बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल हुई, बल्कि संभावित जनहानि और बड़े नुकसान की आशंका भी टल गई।