व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या,शव वाहन न मिलने से घंटों ट्रैक पर पड़ी रही लाश
सागर/खुरई। बीना रेलवे ट्रैक पर गूलर गांव के पास एक व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे द्वारा खुरई देहात थाना पुलिस को गूलर गांव के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दी है। शव को अस्पताल ले जाने के लिये शव वाहन की अनुपलब्धता के कारण पुलिस को पंचनामा कार्यवाही में विलंब का सामना करना पड़ा। बाद में मृतक की पहचान रुसल्ला गांव निवासी हरनाम पिता लक्ष्मन अहिरवार 41 के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हरनाम मजदूरी का काम करता था और सोमवार दोपहर को बिना बताये घर से चला गया था। उन्हें बाद में उसकी आत्महत्या की सूचना मिली। देहात थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच कर रहे खुरई देहात थाना के प्रधान आरक्षक रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे थे। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।