30 रुपये के विवाद में हुई हत्या के बाद क्या आज भरने वाले साप्ताहिक बाजार में सुधरेंगी व्यवस्थाएं
आज व्यवस्थाओ में रहेगा सुधार- एसडीओपी अर्चना अहीर
तेंदूखेड़ा। नगर का साप्ताहिक बाजार मै प्रत्येक मंगलवार को बस स्टैंड से लेकर तारादेही तिराहे तक मुख्य मार्ग पर हाथ ठेले लगाए जाते है, एवं मुख्य मार्ग से जनपद मार्ग में दो पहिया वाहनों को बाहरी लोगों द्वारा अपने बाहनों को पार्किंग किए जाने के कारण जाम की स्थिति रहती है , साथ ही वर्षों से बाजार अव्यवस्थित तरीके से संचालित होने के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले मंगलवार को दमोह जबलपुर मुख्य मार्ग पर वार्ड क्रमांक 5 निवासी अंकित अहिरवार की मात्र 30 रुपये के विवाद में एक नाबालिग एवं उसके पिता द्वारा चाकूबाजी कर हत्या किए जाने की घटना ने नगर की कानून-व्यवस्था और बाजार प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगरवासियों का कहना है कि लगभग 60 फीट चौड़ी मुख्य सड़क पर दोनों ओर दुकानें, हाथ ठेले और अतिक्रमण होने से आवागमन के लिए मुश्किल से 10-10 फीट स्थान ही बचता है। बाजार के दिन दमोह जबलपुर से अधिकांश दुकानदार आते हैं जो दुकानों के सामने सामान फैलाकर अतिक्रमण कर लेते हैं। इतना ही नहीं, नगर के दुकानदार अपने सामने हाथ ठेले लगवाकर उनसे 200 से 300 रुपये किराया भी वसूलते हैं, जिससे सड़क और अधिक संकरी हो जाती है। नगर के दुकानदारों की इस अव्यवस्था के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
नगरवासियों ने कई बार राजस्व विभाग, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन से बाजार की समुचित व्यवस्था तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। वर्तमान में नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ दमोह की जिम्मेदारी के कारण तेंदूखेड़ा को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। वहीं प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम और एसडीओपी द्वारा व्यवस्था सुधारने के आश्वासन तो दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
नगर के कपिल गोटिया गोविंद राय रत्नेश जैन महेश मंगलम विनोद सरैया रंजीत साहू विनोद अहिरवार एवं सोनू राय का कहना है कि मंगलवार को बाजार में ना तो पुलिस रहती है और न ही नगर परिषद का अमला व्यवस्था संभालने के लिए सक्रिय रहता है। नगर वासियो का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी प्रबंधन नहीं किया गया तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
नगर का मुख्य मार्ग, जो जनपद पंचायत सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़ा मार्ग भी है, वहां भी अतिक्रमण की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कई व्यापारियों द्वारा सड़क किनारे टीनशेड लगाकर तथा सामान बाहर रखकर मार्ग को संकरा कर दिया गया है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, पर्याप्त पुलिस बल एवं नगर परिषद कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो नगर में कानून-व्यवस्था और यातायात की स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है।
इनका कहना --
एसडीओपी अर्चना अहीर का कहना है कि आज मंगलवार को साप्ताहिक बाजार की व्यवस्था में सुधार होगा हाथठेले मुख्य सड़क पर नहीं लगेंगे इसके अलावा आप लोगों को स्वयं ही व्यवस्था में सुधार दिखेगा