शादी के दो महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या,भाई बोला. जीजा दहेज में थार मांग रहे थे, ससुरालवालों ने बताई सोशल मीडिया वजह
सागर/बीना। बारधा गांव में शादी के दो माह बाद एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 20 वर्षीय महक साहू की शादी 7 मई 2026 को बीना के आगासौद निवासी सौरभ साहू से हुई थी, जो रेलवे में पॉइंट्समैन हैं। घटना के बाद बीना सिविल अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार महक ने घर के कमरे में चुन्नी से फंदा लगा लिया। परिजनों ने चीख सुनकर उसे तुरंत बीना अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के बड़े भाई दीपेश साहू ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने बताया कि उनके जीजा सौरभ रेलवे में कार्यरत हैं और शादी के बाद से ही थार गाड़ी की मांग कर रहे थे। दीपेश के अनुसार उनकी बहन को रोज ताने दिये जाते थे और दहेज के लिये मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। दीपेश ने बताया कि महक ने उन्हें इस बारे में बताया था, जिस पर उन्होंने उसे कुछ समय इंतजार करने और मामला शांत होने की सलाह दी थी। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी बहन इतना बड़ा कदम उठा लेगी। वहीं सौरभ के परिवार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। ससुराल पक्ष का दावा है कि पति-पत्नी के बीच झगड़े की वजह दहेज नहीं, बल्कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का अत्याधिक उपयोग था। उन्होंने कहा कि बहू दिन भर फोन पर लगी रहती थी और समझाने पर मायके चली जाती थी। ससुराल पक्ष ने दहेज मांगने से साफ इनकार किया है। बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने और दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। जो भी इसमें दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।