हत्या के प्रयास के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, अवैध धारदार बका लेकर घूम रहे आरोपी को भी दबोचा
सागर। थाना मोतीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्यवाही करते हुये सफलता प्राप्त की है। 23 जून को थाना मोतीनगर क्षेत्र के ग्राम बदौना में पुरानी रंजिश एवं चोरी के संदेह को लेकर हुये विवाद में आरोपियों ने फरियादी पक्ष पर लोहे की रॉड एवं डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में रामकुमार उर्फ रामू धानक सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुये घटना में शामिल गोकुल धानक, मलखान धानक, लाखन धानक, सोमेश धानक तथा आशीष धानक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किये जाने पर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। वही थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्ट नगर अमावनी क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार बका लेकर घूम रहा है तथा किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सतर्कता एवं सूझबूझ से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बासू पिता विजय कुमार सोनी 22 वर्ष निवासी इतवारी टोरी मोतीनगर बताया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध लोहे का धारदार बका बरामद किया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। इन दोनों प्रभावी कार्यवाहियों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, लोकेश पटेल, शशिकांत गुर्जर, गोकुल पाण्डेय, बृजेन्द्र, दिनेश, सुनील चौबे, सत्येन्द्र, अनुराग, अभिषेक गौतम सहित थाना मोतीनगर पुलिस बल की भूमिका रही।