पानी की समस्या से परेशान युवक 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा, प्रशासनिक लापरवाही पर जताया आक्रोश
तेंदूखेड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित नर्मदा लाइन की पानी की टंकी पर बुधवार रात्रि लगभग 7 बजे एक युवक पानी की गंभीर समस्या को लेकर चढ़ गया। युवक की पहचान वार्ड क्रमांक 9 निवासी रंजीत रजक के रूप में हुई है। वह करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहा है तथा अपनी जान देने की चेतावनी दे रहा है।
रंजीत रजक का कहना है कि पिछले पांच दिनों से उसके घर और मोहल्ले में नर्मदा लाइन का पानी नहीं पहुंच रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उसका आरोप है कि जब वह अपनी समस्या लेकर संबंधित नर्मदा कर्मचारियों के पास पहुंचा तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला और कथित रूप से कहा गया कि “जो करना है कर लो।” इसी बात से आहत और नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
टंकी पर चढ़े युवक का कहना है कि पानी की समस्या के कारण उसका परिवार और पूरा मोहल्ला परेशान है। उसने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। युवक ने यहां तक कहा कि प्रशासन चाहता है कि वह मर जाए। वह लगातार चेतावनी दे रहा है कि यदि कोई उसके पास आने की कोशिश करेगा तो वह टंकी से कूद जाएगा।
घटना की सूचना तत्काल एसडीएम सी.जी. गोस्वामी, नगर परिषद तथा संबंधित विभागों को दी गई। नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सुबह 9 बजे तक कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
स्थानीय निवासियों ने भी जल संकट को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित है। लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि नगर परिषद द्वारा न तो वैकल्पिक जल व्यवस्था की गई और न ही पानी के टैंकर भेजे गए। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। लोग युवक को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं है।