Sagar : गणतंत्र दिवस मंच पर अश्लील डांस का वीडियो वायरल, तीन कंटेंट क्रिएटर्स पर केस दर्ज
सागर। सोशल मीडिया पर गणतंत्र दिवस से जुड़े एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में गोपालगंज थाना पुलिस ने जांच के बाद तीन कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि राष्ट्रीय पर्व और तिरंगे से सजे मंच पर अश्लील एवं द्विअर्थी गीत पर प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान किया गया।
शिकायतकर्ता अधिवक्ता अभिनव श्रीवास्तव ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि 23 जनवरी 2026 को फेसबुक पर "आदित्य ठाकुर शेखपुर" नामक प्रोफाइल से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का मंचन दिखाया गया, जिसमें तिरंगे से सजे मंच पर भोजपुरी अश्लील और द्विअर्थी गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच के दौरान शिकायतकर्ता, गवाहों के बयान तथा वीडियो फुटेज की जांच की गई। जांच में वीडियो का संबंध बांदरी क्षेत्र से पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आदित्य ठाकुर, विशाल उर्फ बांदरी वाले और रानू रैकवार के खिलाफ प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296(A) तथा राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। वहीं पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।