भीषण गर्मी में परेशान गर्भवती महिलाएं, बारह दिनों से बंद पड़ा जनरेटर बना मुसीबत का कारण
रिपोर्ट : विशाल रजक
तेंदूखेड़ा न गर्मी के दौर में तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्थाएं मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई हैं। स्वास्थ्य केंद्र में पिछले बारह दिनों से जनरेटर खराब पड़ा हुआ है, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वार्डों में लगे पंखे और अन्य आवश्यक उपकरण बंद हो जाते हैं। इससे मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में इन दिनों उमस वाली गर्मी हो रही हैं ऐसे में अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाएं और उनके परिजन गर्मी से बेहाल हैं। बिजली की बार-बार कटौती के कारण वार्डों में उमस और गर्मी का माहौल बन जाता है। जनरेटर खराब होने से बिजली जाने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। अस्पताल में भर्ती महिलाओं का कहना है कि गर्मी के कारण उन्हें आराम नहीं मिल पा रहा है। कई बार घंटों तक पंखे बंद रहने से स्थिति असहनीय हो जाती है। वहीं मरीजों के परिजनों ने भी स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र जनरेटर की मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक सुविधाओं के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते जनरेटर की मरम्मत कर दी जाती तो मरीजों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी अत्यधिक गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने जिला स्वास्थ्य विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि जनरेटर को जल्द से जल्द चालू कराया जाए ताकि बिजली कटौती के दौरान मरीजों को राहत मिल सके और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
सीबीएमओ अशोक बरौनियां ने कहा कि जनरेटर बंद होने की आंनलाइन शिकायत की जा चुकी हैं शासन स्तर से मैकेनिक सुधार कार्य के लिए आएंगा। वैसे भी पल्स पोलियो अभियान के लिए जनरेटर का सुधार होना अति आवश्यक हैं।