चलती बाइक में साड़ी फंसी, गले में फंदा कसा, भतीजी की शादी में जा रही बुआ की मौत
खुरई। नेशनल हाईवे पर आचार्य विद्यासागर तिराहा के पास चलती बाइक में साड़ी का पल्लू फंसने से एक महिला बाइक से नीचे गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर 2 बजे हुआ। महिला छतरपुर जिले से खुरई के पथरिया जैगन गांव अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने जा रही थी। जानकारी के अनुसार बक्सवाहा थाना क्षेत्र के बम्होरी की रहने वाली अखलेश लोधी 45 वर्ष अपने बेटे सूर्यांश लोधी के साथ बाइक पर जा रही थी। जैसे ही वे खुरई के सागर रोड स्थित आचार्य विद्यासागर तिराहा के पास पहुंचे, तभी अचानक महिला की साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले टायर में फंस गया। साड़ी टायर में इस कदर लिपटी कि महिला के घुटने और गले में फंदा कस गया और वह चलती बाइक से सीधे सड़क पर आ गिरी। बेटे सूर्यांश लोधी ने बताया कि वे अपने गांव से मामा के घर जा रहे थे, जहां रविवार को उनकी ममेरी बहन की शादी थी। सूर्यांश ने रोते हुये बताया मां की साड़ी का पल्लू कब बाइक के टायर में फंस गया, मुझे पता ही नही चला। जैसे ही मां पीछे से गिरीं, मैंने तुरंत बाइक रोकी और डायल 112 को फोन किया। हादसे के बाद सड़क पर गिरने से महिला के सिर से काफी खून बह चुका था। हादसे के फौरन बाद बेटा सूर्यांश अपनी मां को लेकर तुरंत सिविल अस्पताल खुरई पहुंचा। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे के बाद से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।