11 महीने से फरार हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
सागर। मोतीनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाने लाकर आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद शनिवार को कोर्ट पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। आरोपी पिछले करीब 11 महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2025 को फरियादी भूपेश चौबे निवासी राजीवनगर ने थाने में शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि तीजा पर्व के दौरान पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर आरोपी मृदुल चौबे, सुरेश चौबे, विवेक चौबे, रीतेश चौबे, देवेन्द्र चौबे और रूपेश चौबे ने हथियारों से लैस होकर घर पर हमला किया। गाली गलौज करते हुये मारपीट की गई। हमले के दौरान आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी, तलवार और देशी कट्टे से प्राणघातक हमला किया। मारपीट में प्रभात चौबे, महेश चौबे, निधि चौबे, सुदामा चौबे सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुये। विशेष रूप से आरोपी रूपेश चौबे द्वारा सुदामा चौबे पर कट्टे से गोली चलाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। सभी घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम लगाई गई। कार्यवाही करते हुये टीम ने आरोपी सुरेश चौबे, विवेक चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वारदात के शेष आरोपी फरार है। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर ईनाम घोषित किया। इसी बीच शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने फरार आरोपी रूपेश चौबे 37 निवासी हनुमान मंदिर के पास राजीव नगर को गिरफ्तार किया, थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास मामले में फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।