20 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा, हत्या का फरार वारंटी आखिरकार गिरफ्तार
सागर। नरयावली थाना पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2006 से फरार था और लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी द्वारका पिता बब्बू अहिरवार, निवासी खजुरिया, थाना कैंट है। उसके विरुद्ध वर्ष 1992 के हत्या के प्रकरण में स्थायी वारंट जारी था। आरोपी लगातार फरार रहने के कारण पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को नरयावली थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं लगातार की जा रही तलाश के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे दोपहर करीब 3 बजे माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतिमा मिश्रा, प्रधान आरक्षक मीना एवं आरक्षक पवन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।