कटर से जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, शादी समारोह से लौट रहे युवकों से की थी मारपीट, 3 कटर जब्त किये
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने कटरबाजी की घटना कर फरार हुये तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाने लाकर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 कटर जब्त किये गये। पुलिस के अनुसार 1 जुलाई की रात फरियादी अजय पटेल निवासी ग्राम कनेरा गौड़ अपने साथी पप्पू पटेल और नीरज पटेल के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बीएस जैन बंगले के सामने डीपी के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवक आये और उनसे बाइक की चाबी मांगी। चाबी देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुये कटर से जानलेवा हमला कर दिया। कटर लगने से पप्पू, अजय और नीरज पटेल गंभीर घायल हुये। घायलों को बीएमसी में भर्ती कराया गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। आरोपियों की तलाश के लिये पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। शुक्रवार को टीम ने थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी और आरोपी कृष्णा उर्फ केशू रैकवार 19 वर्ष निवासी राजीव नगर वार्ड, राम पिता बालमुकुंद सोनी 19 वर्ष और देवेंद्र पिता दिनेश राय 19 वर्ष निवासी राजीव नगर वार्ड को गिरफ्तार कर लिया। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि कटर से जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में उपयोग किये गये कटर जब्त किये। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।