खेत की तार फेंसिंग से करंट लगा, दो युवकों की मौत
बीना। बसाहरी गांव में गुरुवार शाम एक खेत की तार फेंसिंग में फैले करंट की चपेट में आने से दो युवकों और एक गाय की मौत हो गई। यह हादसा शीतला माता मंदिर के पास शाम करीब 7 बजे हुआ। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान खोजाखेड़ी निवासी विकास 26 और पथरिया जेगन निवासी प्रवेश 35 के रूप में हुई है। ये दोनों युवक अपनी टोली के साथ पिछले कुछ दिनों से बसाहरी गांव में डेरा डाले हुये थे। गुरुवार शाम को दोनों युवक शौच के लिये खेत की ओर जा रहे थे, तभी तार फेंसिंग पार करने की कोशिश में करंट की चपेट में आ गये। इसी दौरान वहां मौजूद एक गाय की भी करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने फौरन मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को बचाने की कोशिश की और उन्हें सीपीआर भी दिया, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। खिमलासा थाना पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है।