ट्रांसफार्मर बदलने के बाद वार्ड क्रमांक 9 में विद्युत आपूर्ति हुई बहाल
तेंदूखेड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित मुख्य सड़क के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में सोमवार देर रात अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। रात्रि लगभग 1:00 बजे आई इस खराबी के कारण वार्ड क्रमांक 9 के लगभग आधे घरों में बिजली आपूर्ति सामान्य रही, जबकि शेष घरों की विद्युत सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। इससे स्थानीय नागरिकों को रातभर असुविधा का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग सक्रिय हो गया। मंगलवार सुबह विभाग की टीम ट्रांसफार्मर वाहन के साथ मौके पर पहुंची। लाइनमैन सुधीर पटेरिया, लकी मिश्रा एवं अन्य कर्मचारियों ने तत्काल खराब ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य शुरू किया। टीम ने तेजी और तत्परता के साथ कार्य करते हुए आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे वार्ड क्रमांक 9 की विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी गई। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता प्रभात दुबे ने बताया कि रात्रि में ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर तत्काल स्थापित कराया, जिससे कम समय में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।उन्होंने कहा कि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या की सूचना मिलते ही विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करती है, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि विद्युत संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत विभाग को दें, जिससे समय पर उसका समाधान किया जा सके।